बीजापुर जिले के जिले के पालनार क्षेत्र में एक वरिष्ठ शिक्षक और प्रधान अध्यापक राजू पुजारी (42) ने से आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बीजापुर भेज दिया।
पुलिस जांच के दौरान मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार, इस नोट में राजू पुजारी ने मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का जिक्र किया है, साथ ही कुछ लोगों के नाम भी उल्लेखित किए गए हैं।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से मुलाकात कर पूरे मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है, साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। बीजापुर जिला अस्पताल के सामने ग्रामीण धरने पर बैठे हैं।
मृतक को ऑफिस बुला कर भी डराया धमकाया जाता था
प्रदर्शन कर रहे नारायण मारकाम ने कहा की स्कूल बिल्डिंग निर्माण सम्बन्धी भुगतान को ले कर उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिसके चलते ही उन्होंने ये कदम उठाया है। आदिनारायण पुजारी ने जानकारी दी कि ठेकेदार,इंजिनियर मृतक राजू पुजारी पर अधूरे काम का भी पूरा पेमेंट देने के लिए प्रेशर देते थे। मृतक को ऑफिस बुला कर भी डराया धमकाया जाता था।
इस मामले पर बीजापुर कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सूक्ष्मता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।