
आरोपी जमीन खरीद-बिक्री का भी काम करता है। ग्राम कंठी में पटवारी प्रकाश मंडल बुधवार दोपहर को अपने कार्यालय में बैठे हुए थे। इसी समय मारपीट की घटना हुई। वे करजी और सोहगा के भी पटवारी हैं। पटवारी संघ ने आरोपी की जुलूस निकालने की मांग की है, वरना आंदोलन की चेतावनी दी है। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है।
मोबाइल नंबर को लेकर विवाद, जमकर पीटा
भाजपा नेता और एसटी मोर्चा का मंडल अध्यक्ष जितेंद्र कुजूर (मोनू) ने पटवारी कार्यालय में घुसकर पटवारी प्रकाश मंडल से आरआई अनिता राजवाड़े के संबंध में पूछताछ की। पटवारी ने कहा कि, आरआई लंच के लिए गई हैं। जितेंद्र कुजूर ने पटवारी से उन्हें फोन लगाने के लिए कहा। प्रकाश मंडल ने कहा कि, दीवार में उनका नंबर लिखा है, आप खुद लगा लें। वे फोन नहीं उठाती हैं तो मैं बात करा दूंगा।
पटवारी के इस जवाब से भड़के भाजपा नेता जितेंद्र कुजूर ने पटवारी की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव में आए ऑपरेटर को भी उसने पीट दिया। बचने के लिए पटवारी बाहर निकले तो बाहर जितेंद्र कुजूर ने पटवारी को लात मारी और डंडे से भी पीटा। भागकर पटवारी अपने कमरे में पहुंचे और अंदर का दरवाजा बंद कर खुद को बचाया।
कलेक्टर के निर्देश पर FIR, भाजपा नेता गिरफ्तार
इस मामले की जानकारी पटवारी प्रकाश मंडल ने पटवारी संघ के पदाधिकारियों को दी। पटवारी संघ के पदाधिकारी भी दरिमा थाने पहुंचे। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत के संज्ञान में मामला आया तो उन्होंने तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
इस मामले में पुलिस ने देर शाम भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जितेंद्र कुजूर को गिरफ्तार कर लिया है।
पटवारी संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
पटवारी संघ ने भाजपा नेता को गिरफ्तार कर जुलूस निकालने की मांग की है, वरना आंदोलन की चेतावनी दी है। पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने कहा कि, आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है। संघ ने आरोपी का जुलूस निकालने और पटवारियों की सुरक्षा की मांग को लेकर आंदोलन का निर्णय लिया है।
सोशल मीडिया पर दबंगई का VIDEO
आरोपी जितेंद्र कुजूर दरिमा भाजपा मंडल एसटी मोर्चा का मंडल अध्यक्ष है। वह फिटनेस ट्रेनर भी है। सोशल मीडिया पर उसने दबंगई के कई वीडियो भी पोस्ट किया है। एक ऐसे ही वीडियो में वह पिस्टल और बंदूक के साथ दिख रहा है।
उसने भाजपा विधायक प्रबोध मिंज, सांसद चिंतामणि महाराज, महापौर मंजूषा भगत के साथ भी अपने वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं।