छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में चोरी के शक में युवक को गांव वालों ने सजा दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में चोरी के शक में युवक को गांव वालों ने सजा दी है। युवक का आधा सिर मुंडवा कर उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई। इसके बाद मारपीट करते हुए उसे उसकी पत्नी के साथ पूरे गांव में घुमाया गया। पत्नी का कहना है कि उससे भी मारपीट की गई और रेप कर जान से मारने की धमकी दी गई।

युवक पर पस्ता गांव के ग्रामीणों ने सोलर पैनल सिस्टम के तार चोरी करने का आरोप लगाया था। इसके बाद पस्ता गांव के सरपंच पति और ग्रामीणों ने युवक को अपने गांव में समझौते के लिए बुलाया था। लेकिन पंचायत में उसे पकड़ लिया गया और गांव में घुमाया।

वहीं युवक के पिता ने मामले की शिकायत रामानुजनगर थाने में की है। घटना के बाद अब पुलिस जांच में जुट गई है। यह घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र के पस्ता गांव की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, कल्याणपुर निवासी मोहम्मद रहमान ताज (32) पर पस्ता गांव में सोलर पैनल सिस्टम के तार चोरी का आरोप लगा था। इसी शक के आधार पर उसे गांव के सरपंच पति और कुछ ग्रामीणों ने बुलाया।

जब युवक अपनी पत्नी के साथ गांव पहुंचा, तो वहां ग्रामीणों ने मोहम्मद रहमान को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने गुस्से में आकर उसका आधा सिर मुंडवा दिया और गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई। इसके बाद उसके साथ मारपीट करते हुए पूरे गांव में घुमाया गया।

इस दौरान भीड़ ने युवक की पत्नी को भी नहीं छोड़ा। उसे भी साथ में घुमाया गया। युवक की पत्नी ने कहा कि सरपंच ने फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद हम लोग पंचायत में गए। हम लोग से भी मारपीट किए। पति को भी मार रहे थे। जान से मारने की धमकी भी दी।