सरगुजा जिले के कटकोना में नदी किनारे अवैध खदान से कोयला निकालने के दौरान पत्थर गिरने से युवक दब गया और मौके पर उसकी मौत

Chhattisgarh Crimesसरगुजा जिले के कटकोना में नदी किनारे अवैध खदान से कोयला निकालने के दौरान पत्थर गिरने से युवक दब गया और मौके पर उसकी मौत हो गई। नदी किनारे गए लोगों को दुर्गंध आने पर पास जाकर देखा तो उन्हें युवक का शव दिखा। युवक दो दिनों पहले अकेले घर से निकला था। वह लंबे समय से अन्य युवकों के साथ कोयला निकालने और बेचने का काम करता था। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम कटकोना और अमेरा के सरहद पर घुनघुट्टा नदी के किनारे ग्रामीणों द्वारा अवैध तरीके से कोयला निकालने के लिए मिट्टी हटाकर खदान बनाई गई है। शुक्रवार को कुछ ग्रामीण नदी की ओर पहुंचे तो उन्हें दुर्गंध का ऐहसास हुआ। पास जाकर देखा तो एक युवक पत्थर में दबा हुआ दिखा। इसकी सूचना तत्काल लखनपुर पुलिस को दी गई।

दो दिन पहले निकला था युवक

पुलिस ने जेसीबी की मदद से पत्थर हटवाकर शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान जयप्रकाश (19 वर्ष), पिता सुब्रन, निवासी ग्राम लोसगी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, जयप्रकाश रोज अपने साथियों के साथ बाइक से नदी किनारे कोयला निकालने जाता था। इसके बाद वह निकाला गया कोयला इलाके में चल रहे ईंट भट्ठों में बेच देता था।

परिजनों ने बताया कि 22 अप्रैल, बुधवार सुबह जयप्रकाश घर से निकला था। वह अकेले ही कोयला निकालने के लिए अवैध खदान में गया था। नदी किनारे कोयला खोदते समय अचानक ऊपर से चट्टान का बड़ा टुकड़ा उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।

नदी किनारे कई अवैध कोयला खदान

अमेरा खदान से लगे घुनघुट्टा नदी के किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कोयला निकालने के लिए अवैध खदान बनाई है। यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर कोयला निकालते हैं, जिसे तस्करों को या ईंट भट्ठा संचालकों को बेच दिया जाता है।

इसके अलावे अमेरा खदान क्षेत्र में भी ग्रामीण घुसकर कोयला चोरी करते हैं। खदान से कोयला चोरी पर कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने अवैध खदानों से कोयला निकालना शुरू कर दिया है। इस दौरान ही यह हादसा हुआ।

Exit mobile version