जगदलपुर के आरापुर में एक शादी समारोह के दौरान डीजे में डांस करते समय शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। मामूली कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें 4 युवक घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेकाज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामला परपा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, सोसनपाल निवासी सागर नाग (20) अपने दोस्तों के साथ आरापुर में एक परिचित के घर शादी समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम में डीजे लगा हुआ था और बड़ी संख्या में लोग डांस कर रहे थे। इसी दौरान नाचते समय कुछ युवकों के बीच टकराव हो गया, जिसे लेकर पहले बहस और फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ युवक आक्रामक हो गए। आरोप है कि उन्होंने चाकू निकालकर वहां मौजूद युवकों पर हमला कर दिया। इस हमले में फुलसिंग (30) निवासी दुगनपाल पटेलपारा, प्रियांशु कुर्रे (20) निवासी सोसनपाल, देवेंद्र (24) निवासी दुगनपाल सहित कुल 4 लोग घायल हो गए। घायलों के हाथ, पीठ और कमर में चाकू के वार किए गए हैं।
चाकू के हमले में घायल पहुंचे मेकाज
घटना के बाद शादी समारोह में इधर-उधर भागने लगे। परिजन और ग्रामीण तुरंत घायलों को लेकर मेकाज पहुंचे, जहां सभी का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद गांव के दो युवक लापता हैं, जिन पर हमले में शामिल होने का शक जताया जा रहा है।
इस वजह से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सूचना मिलने पर परपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।