रायपुर में देर रात घर लौटने वाले लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर में देर रात घर लौटने वाले लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में चंगोरा भाठा निवासी हिमांशु खापरे और न्यू राजेंद्र नगर निवासी पंकज साहू शामिल हैं। इनके साथ दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। यह मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।

डीडी नगर निवासी ट्रैवल्स कारोबारी अमरकांत सिन्हा ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 20 अप्रैल की रात उनके ट्रैवल्स के स्टाफ हेल्पर भूपेंद्र निषाद और ड्राइवर मोहन शर्मा करीब 12 बजे कुशालपुर-चंगोराभाठा ओवरब्रिज के पास से पैदल मैपल ग्रीन कॉलोनी की ओर जा रहे थे।

रात करीब 12:30 बजे जब दोनों मुख्य सड़क पर पहुंचे, तभी सामने से आए 3-4 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, श्रम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज छीन लिए और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

डीसीपी ने टीम बनाकर आरोपियों को पकड़ा

घटना को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी वेस्ट जोन संदीप पटेल ने जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा, एसीपी देवांश राठौर और थाना प्रभारी गौतम गावड़े के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, मुखबिर सक्रिय किए और तकनीकी जांच की। जांच के बाद पुलिस ने हिमांशु खापरे उर्फ गगन (18), पंकज साहू (19) और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि एक नाबालिग पहले भी मारपीट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह भेजा जा चुका है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version