धमतरी में गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने विपक्षी दलों के आठ पुतले फूंके

Chhattisgarh Crimesधमतरी में गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने विपक्षी दलों के आठ पुतले फूंके। भाजयुमो ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने महिलाओं के लिए 33% आरक्षण वाले बिल को विफल करने का प्रयास किया है, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने धमतरी शहर में एक रैली निकाली, जो घड़ी चौक पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और हाईवे पर आठ पुतलों को जलाया।

भाजयुमो के जिला अध्यक्ष शुभांक मिश्रा ने बताया कि एनडीए गठबंधन के समस्त विपक्षी दलों के पुतले जलाए गए। इनमें मुख्य रूप से पप्पू यादव, भूपेश बघेल और मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे नेताओं के पुतले शामिल थे।

मिश्रा ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने ‘नारी शक्ति अभिनंदन’ बिल का विरोध किया, जिससे लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को मिलने वाले 33% आरक्षण के उनके अधिकार को रोका गया।

महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बिल लाया गया था

भारतीय जनता महिला मोर्चा की नम्रता पवार ने कहा कि सदन में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बिल लाया गया था, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने इसे विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान में 33% आरक्षण देना चाहती थी, जो पूरे देश की महिलाओं के सम्मान की बात थी।

महिलाओं का अपमान किया है:पूर्व जिला अध्यक्ष BJP

भाजयुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय मोटवानी ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने पहले युवाओं के अधिकारों से वंचित किया और अब महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें आगे लाने का है, जिसके लिए 33% आरक्षण लाया गया था, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध किया।