गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पुलिस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesगौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पुलिस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने चौकी खोड़री (थाना गौरेला) में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 91, खोगेश्वर मैत्री को निलंबित कर दिया है। उन पर व्यापारियों से अवैध वसूली का गंभीर आरोप है।

यह मामला 20 अप्रैल को ग्रामीणों की शिकायत के बाद सामने आया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि आरक्षक सड़क पर चलने वाले व्यापारिक वाहनों से पैसे की मांग करता है। मीडिया में एक वीडियो सामने आने के बाद इन आरोपों की पुष्टि हुई, जिसमें आरक्षक को वाहन चालक से पैसे लेते हुए स्पष्ट रूप से देखा गया था।

आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया

थाना प्रभारी गौरेला की गोपनीय रिपोर्ट और वीडियो के आधार पर आरक्षक खोगेश्वर मैत्री का यह कृत्य सिविल सेवा आचरण नियम और पुलिस रेगुलेशन के विपरीत पाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक खोगेश्वर मैत्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय रक्षित आरक्षी केंद्र गौरेला-पेंड्रा-मरवाही तय किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। इस पूरी घटना की विस्तृत जांच के लिए जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।