कोरबा में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesकोरबा में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम नकटीखार में नाले किनारे चल रही महुआ शराब की अवैध भट्टी पर छापा मारा। इस दौरान 41 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई और हजारों लीटर महुआ लहान नष्ट किया गया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नकटीखार में तालाब के ऊपर धरसा नाले के पास कुछ लोग अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

मौके की तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी अवैध रूप से महुआ शराब बना रहे थे। पुलिस ने कुल 41 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 4100 रुपये है। जब्त सामान में 15 लीटर की एक डिब्बी और 10-10 लीटर के दो जरीकेन सहित अन्य बर्तन शामिल हैं।

पुलिस ने मौके पर हजारों लीटर महुआ लहान नष्ट किया

इसके अतिरिक्त, अवैध शराब के ठिकाने पर भारी मात्रा में महुआ लहान भी डिब्बों में रखा हुआ था। पुलिस ने मौके पर ही हजारों लीटर महुआ लहान को नष्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि इस मामले में कुछ अन्य आरोपी भी शामिल थे, जो पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

आरोपियों पर इन धाराओं में हुई कार्रवाई

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निखिल कंवर (22), निवासी नकटीखार ऊपर मोहल्ला, और अजय कुमार मंझवार (21), निवासी ग्राम नकटीखार, दोनों थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र के है। सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन रामपुर में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब बनाने या बेचने से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत नजदीकी थाने में दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

Exit mobile version