जिला पंचायत सामान्य सभा में जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने उठाए जनहित के प्रमुख मुद्दे, प्रशासन का ध्यान कराया आकर्षित

Chhattisgarh Crimes
पूरन मेश्राम/मैनपुर।
जिला पंचायत की आयोजित सामान्य सभा बैठक में जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने जिले एवं क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, किसानों की समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं एवं जनहित से जुड़े कई प्रमुख मुद्दों को मजबूती के साथ सदन में उठाया।बैठक में उन्होंने जिले में व्याप्त लो वोल्टेज समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि इससे किसानों की रवि फसल प्रभावित हो रही है तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोग भीषण गर्मी में परेशान हैं। उन्होंने तत्काल स्थायी समाधान की मांँग की।
इसके अलावा भारत गैस एजेंसी की मनमानी, सोलर लाइट व्यवस्था खराब होना, स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर एवं स्टाफ की कमी, प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस सुविधा, मुख्यमंत्री आवास योजना की लंबित राशि, वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन भुगतान, मनरेगा मजदूरी भुगतान सहित अनेक विषयों को प्रमुखता से उठाया गया।श्री नेताम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुल-पुलिया निर्माण, सड़क निर्माण, हैंडपंप स्थापना, बोर खनन, जर्जर स्कूल भवनों के सुधार, शिक्षकों की कमी दूर करने, आदिवासी आश्रम-छात्रावासों के नवीन भवन निर्माण तथा शिक्षा व्यवस्था सुधार की मांग भी रखी।उन्होंने धान खरीदी के बाद समय पर उठाव नहीं होने से समितियों को हुए नुकसान, ट्रांसपोर्टरों की लापरवाही तथा किसानों को मुआवजा दिलाने का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया।बैठक में सिकासार जलाशय के जल का प्राथमिक लाभ गरियाबंद जिले के किसानों को दिए जाने, विद्युतविहीन गांवों में बिजली पहुंँचाने, नल जल योजना के अपूर्ण कार्यों की जांच कराने एवं दोषी ठेकेदारों पर कार्यवाही की मांग भी की गई।मैनपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बादीबेड़ा से साल्हेभांट मार्ग के मुरमीकरण का विषय उठाते हुए उन्होंने कहा कि वन सुरक्षा समिति के लाभांश राशि से उक्त कार्य बरसात पूर्व कराया जाए।
जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा कि जनता की समस्याओं को हर मंच पर उठाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और वे सदन से लेकर सड़क तक क्षेत्रवासियों के हक एवं अधिकार की लड़ाई लगातार लड़ते रहेंगे।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग इन मांँगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक पहल करेंगे।

Exit mobile version