राजधानी रायपुर के एयरपोर्ट के बाहर सवारी बैठाने को लेकर दो ऑटो चालकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी झगड़े में बदल गया। गुस्से में एक चालक ने दूसरे पर कांच की बोतल फोड़कर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल का नाम परमानंद धृतलहरे बताया जा रहा है, जबकि आरोपी की पहचान जुबेर खान के रूप में हुई है। मामला माना कैप थाना क्षेत्र का है।
माना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता परमानंद धृतलहरे और आरोपी जुबेर खान दोनों एयरपोर्ट के बाहर ऑटो चलाते हैं। शुक्रवार रात सवारी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई और मारपीट होने लगी।
इसी दौरान आरोपी जुबेर खान ने पास में पड़ी कांच की बोतल उठाकर परमानंद के सिर पर फोड़ दी। बोतल लगने से परमानंद लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार, उसके सिर में गहरी चोट आई है, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी जुबेर खान को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
सवारी बिठाने के नाम पर अक्सर होता है विवाद
रायपुर के एयरपोर्ट क्षेत्र में सवारी को लेकर ऑटो चालकों के बीच अक्सर विवाद होते रहते हैं। एयरपोर्ट परिसर में भी कई बार इस तरह के झगड़े सामने आ चुके हैं। इसके अलावा पार्किंग कर्मचारियों के साथ अभद्रता और मारपीट की शिकायतें भी पहले मिल चुकी हैं।
पार्किंग स्टाफ ने कई बार विवाद करने वाले लोगों की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।