रामानुजगंज सरहदी क्षेत्र की कन्हर नदी इन दिनों गंभीर जल संकट का सामना कर रही

Chhattisgarh Crimesरामानुजगंज सरहदी क्षेत्र की कन्हर नदी इन दिनों गंभीर जल संकट का सामना कर रही है। कन्हर एनीकट में पानी का स्तर घटकर रेत भराव के कारण केवल 30 से 40 प्रतिशत रह गया है। गेट खराब होने और रेत जमा होने से एनीकट की जल संग्रहण क्षमता भी प्रभावित हुई है।

जानकारी के अनुसार, एनीकट के गेट खराब होने के कारण पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे जलस्तर तेजी से नीचे चला गया। इससे आसपास के लोगों में भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पानी कम होने के बाद एनीकट में मछली पकड़ने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। हर दिन सैकड़ों लोग यहां मछली मारने पहुंच रहे हैं। सुबह से शाम तक एनीकट के आसपास मछुआरों और ग्रामीणों का जमावड़ा लगा रहता है।

स्वाद के लिए मशहूर है यहां की मछली

कन्हर नदी की मछलियां अपने स्वाद के लिए प्रसिद्ध मानी जाती हैं। यही वजह है कि दूर-दूर से लोग यहां मछली पकड़ने आते हैं। लोग पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ जाल और आधुनिक उपकरणों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।

पर्यावरण को लेकर बढ़ी चिंता

इस स्थिति ने पर्यावरण और जल प्रबंधन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यदि समय रहते गेटों की मरम्मत, रेत की सफाई और जल संरक्षण के उपाय नहीं किए गए, तो आने वाले समय में बड़ा जल संकट खड़ा हो सकता है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द जरूरी कदम उठाने की मांग की है, ताकि कन्हर नदी और इसके जल स्रोतों को बचाया जा सके।

Exit mobile version