राजधानी रायपुर के गीतांजलि नगर इलाके में रहने वाले एक कंस्ट्रक्शन कारोबारी के 50 लाख रुपए लेकर उसका ड्राइवर फरार हो गया। शनिवार को आरोपी ने कारोबारी के अकाउंटेंट को थाने के पास उतारकर गुटखा लेने भेजा और इसी दौरान वह पैसे और गाड़ी लेकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार पीड़ित कारोबारी का नाम उमेश प्रसाद है, जबकि आरोपी ड्राइवर का नाम कृष्णा साहू है। कारोबारी के रिश्तेदार अखिलेश प्रसाद की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज की।
करीब 80 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करेगी। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।
अकाउंटेंट को गाड़ी से उतारा, पैसे लेकर भागा
खम्हारडीह पुलिस के अनुसार कारोबारी उमेश प्रसाद कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं और उनका घर गीतांजलि नगर में है। शनिवार 25 अप्रैल को उन्होंने अपने अकाउंटेंट और ड्राइवर कृष्णा साहू को 50 लाख रुपए नकद देकर कार (CG 04 QG 663) से घर पहुंचाने के लिए कहा।
अकाउंटेंट और ड्राइवर पैसे लेकर गीतांजलि नगर के लिए निकले। खम्हारडीह थाने से कुछ ही दूरी पर एक पान ठेले के पास ड्राइवर कृष्णा साहू ने अकाउंटेंट को गुटखा लाने के लिए कहा। जैसे ही अकाउंटेंट गाड़ी से नीचे उतरा, ड्राइवर ने गाड़ी स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया।
अकाउंटेंट ने घटना की जानकारी तुरंत कारोबारी को दी। इसके बाद कारोबारी ने अपने रिश्तेदार अखिलेश प्रसाद को सूचित किया और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की।
पुलिस ने 80 सीसीटीवी फुटेज खंगाले
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए करीब 80 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया। सोमवार को पुलिस टीम मुखबिर के बताए लोकेशन पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी ड्राइवर को पकड़ा।
एक साल से काम कर रहा था ड्रायवर
आरोपी कृष्णा साहू भाठागांव का रहने वाला है और पिछले एक साल से कारोबारी के यहां काम कर रहा था। घटना के बाद से उसका मोबाइल बंद था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।