कोरबा में भारतमाला मार्ग पर सोमवार देर रात चलती कार पर पथराव किया गया। लूट के इरादे से बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। कोरबा के मानिकपुर निवासी एक परिवार इस हमले में बाल-बाल बच गया। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है।
मानिकपुर चौकी क्षेत्र के एसईसीएल निवासी जितेंद्र सोनी अपने दोस्त के साथ बिलासपुर से लौट रहे थे। बिलासपुर के आगे भारतमाला मुख्य मार्ग पर कुछ युवकों ने उनकी चलती कार पर अचानक पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।
जितेंद्र ने गाड़ी नहीं रोकी और सीधे कोरबा के सर्वमंगला पहुंचकर रुके। इस दौरान कार के दोनों ओर पत्थर लगने के निशान थे और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था।
पीड़ित युवक ने बताया कि हमलावर तीन युवक थे, जिनका इरादा लूटपाट का था। उन्होंने आशंका जताई कि यदि वे गाड़ी रोकते तो कोई बड़ी वारदात हो सकती थी। इस मार्ग पर लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।
इस हफ्ते में ये दूसरी वारदात
इससे पहले शनिवार को उरगा थाना क्षेत्र के बलौदा तरदा मार्ग पर भी ऐसी ही घटना हुई थी। उस दौरान भारतमाला सड़क से गुजर रही एक कार पर तीन से पांच बदमाशों ने पत्थर फेंके थे। एक बड़ा पत्थर कार के शीशे से टकराकर अंदर बैठी एक युवती की आंख में जा लगा, जिससे उसे गंभीर चोट आई।
पत्थर लगने से कॉर्निया क्षतिग्रस्त
घायल युवती को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि आंख में गंभीर चोट के कारण कॉर्निया क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
हालांकि, सोमवार रात हुई घटना के संबंध में पीड़ित युवक ने अभी तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।