
दीपक बैज ने कहा कि, अभी केवल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं, आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे महंगाई और बढ़ेगी।
दरअसल, 1 मई से लागू नई दरों के अनुसार 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 993 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। पिछले महीने तक इसकी कीमत 2175 रुपए थी, जो अब बढ़कर 3168 रुपए हो गई है। पेट्रोलियम कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को कीमतों की समीक्षा करती हैं, जिसके बाद यह बढ़ोतरी की गई।
यह लगातार चौथा महीना है जब कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़े हैं। हालांकि इस बार घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कीमतों में इस उछाल से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालक, चाय दुकानदार और हलवाई जैसे छोटे कारोबारियों पर सीधा असर पड़ा है। कारोबारियों का कहना है कि लागत बढ़ने से मुनाफा कम होगा और कीमतें बढ़ानी पड़ सकती हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने का असर केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खाने-पीने की चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं। इससे आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय है।