छत्तीसगढ़ में 3 दिन मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ सकती है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में 3 दिन मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ सकती है, लेकिन यह सुस्ती ज्यादा लंबी नहीं चलेगी। इसके बाद एक बार फिर बारिश तेज होगी। शनिवार को प्रदेश के 10 से ज्यादा जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई, जिसमें सरगुजा संभाग सबसे आगे रहा, जहां औसतन 70 मिमी बारिश दर्ज हुई।

वहीं रविवार को भी मौसम विभाग ने सरगुजा सहित उत्तरी छत्तीसगढ़ के 10 जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ के 13 जिलों में भी इसी तरह का अलर्ट जारी किया गया है।

दूसरी ओर, रायपुर, दुर्ग और बेमेतरा जैसे मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा गया है, जहां रायपुर में 37.4°C अधिकतम और पेंड्रारोड में 22.0°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

सरगुजा में चार लोग बहे, 1 का शव बरामद

वहीं शुक्रवार हुई तेज बारिश से सरगुजा के मैनी नदी में अचानक आई बाढ़ में मां-बेटे समेत चार लोग बह गए। इनमें एक महिला का शव मिल गया है। तीन की तलाश जारी है। बता दें कि गुरुवार शाम 5:30 से 06:00 के बीच चारों बाढ़ की चपेट में आ गए थे। सभी ढोड़ागांव के रहने वाले हैं।

सभी पुटू (मशरूम) बीनने गए थे, तभी लौटते वक्त बाढ़ की चपेट में आ गए। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम तलाश में जुटी है। बता दें कि 19 जून को पूरे छत्तीसगढ़ को मानसून ने कवर कर लिया है। पिछले कुछ दिनों से सरगुजा संभाग में लगातार बारिश के बाद से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है।

बाढ़ में बहने वालों के नाम

  • सोमारी (45 साल)
  • अंकिता (8 साल)
  • बिनावती (30 साल)
  • आरयस (3 साल)
Exit mobile version