एमसीबी जिले के भरतपुर विकासखंड अंतर्गत कुवारपुर वन परिक्षेत्र स्थित डोंगरी टोला (चांटी) में तेंदुए के हमले से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान लगभग 55 वर्षीय कुवारे पिता बोड्डा के रूप में हुई है। तेंदुआ उन्हें घर से घसीटकर जंगल ले गया, जहां उसने उन्हें अपना शिकार बना लिया।
इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
तेंदुए को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा की मांग
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। घटना के बाद से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।