राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में महिला से चेन लूटने वाले शातिर लुटेरे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसके पुलिस पुलिस ने 5 दिनों में 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। आरोपी ने चेन लूटने के बाद उसे तिल्दा नेवरा निवासी एक सुनार को बेच दिया था।
पुलिस ने चोरी की चेन खरीदने वाले सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान तिल्दा नेवरा निवासी विवेक उर्फ छोटू और सुनार की पहचान प्रशांत उर्फ संतु केशरवानी के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।
खम्हारडीह पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 6:40 बजे हेमलता वैध पानी का नल लगाने के लिए अपने घर के बाहर निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार नाबालिग ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर, स्मृतिक राजनाला और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. मानसी साकोरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और वाहन संबंधी जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की दिशा में जांच आगे बढ़ाई गई।
1.5 लाख कैश समेत चेन बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने विवेक उर्फ छोटू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया और बताया कि लूटी गई चेन उसने प्रशांत उर्फ संतु केशरवानी को बेच दी थी। इसके बाद पुलिस ने सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सुनार ने चेन को गलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 16 ग्राम सोना, 1.5 लाख रुपए नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त की है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की जांच कर रही है।