कोंडागांव जिले में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की हत्या कर दी गई

Chhattisgarh Crimesकोंडागांव जिले में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की हत्या कर दी गई। शराब पीने से मना करने पर पति ने अपनी पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान चिपावंड डोंडियापारा निवासी पीतम उर्फ प्रीतम कोर्राम (35) के रूप में हुई है। मृतका उसकी पत्नी सुखदई कोर्राम थी।

आरोपी ने डंडे से पत्नी के सिर पर किया था वार

मामले में प्रार्थी सिंगलु मंडावी ने कोंडागांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 30 अप्रैल को पीतम कोर्राम शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज कर रहा था। उसने डंडे से पत्नी के सिर पर हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गई।

घायल महिला को रायपुर के हॉस्पिटल लाया गया था

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो गया था। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया।

3 मई को हो गई थी महिला की मौत

इलाज के दौरान 3 मई को दोपहर करीब 2:50 बजे महिला की मौत हो गई। इस मामले में कोंडागांव थाने में अपराध क्रमांक 139/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

शराब पीने को लेकर पत्नी ताना मारती थी:आरोपी

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शराब पीने को लेकर अक्सर ताना मारती थी, जिससे वह परेशान था। इसी गुस्से में उसने घर में रखे मोटे डंडे से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया था।

आरोपी पति को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी पीतम कोर्राम को 5 मई को गिरफ्तार कर लिया। उसे 6 मई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक राजकुमार कोमरा, प्रधान आरक्षक अशोक मरकाम और साइबर सेल के सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र बघेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version