दुर्ग पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए दो अलग-अलग मामलों में सफलता हासिल की है। स्मृति नगर में हुई बाइक चोरी की घटना के कुछ घंटों के भीतर पुलिस ने चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं और दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया। वहीं, धमधा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा संचालन मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों ने पुलिस के दबाव के चलते आत्मसमर्पण कर दिया।
स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में रहने वाले छात्र सौम्य दुबे ने 6 मई की रात अपनी पैशन प्रो बाइक मकान के बाहर खड़ी की थी, जो सुबह गायब मिली। सौम्य मूल रूप से बेमेतरा जिले का निवासी है और पढ़ाई के लिए दुर्ग में किराए के मकान में रहता है।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए, पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया।
जांच के दौरान, पुलिस को संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर, पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने स्मृति नगर के अलावा चरोदा, करंजा और गदा चौक इलाकों से भी मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें एक पैशन प्रो, एक स्प्लेंडर और दो पल्सर बाइक शामिल हैं। जब्त किए गए वाहनों की कुल कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।
बरामद किए गए वाहनों में पैशन प्रो (CG 07 AF 1241), स्प्लेंडर (CG 07 BZ 8554), पल्सर (CG 25 H 0978) और पल्सर (CG 07 AB 6553) शामिल हैं। दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें किशोर न्याय बोर्ड, दुर्ग में पेश किया गया।
दूसरी ओर, धमधा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा संचालन के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों ने पुलिस के लगातार दबाव के चलते आत्मसमर्पण कर दिया।
ऑनलाइन सट्टा केस में भी बड़ी कार्रवाई
इधर धमधा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा संचालन के मामले में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस के मुताबिक अपराध क्रमांक 193/2025 में जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार थे।
पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। गिरफ्तारी के बढ़ते दबाव के बीच दोनों आरोपियों ने आखिरकार आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस रिमांड में पूछताछ, फिर कोर्ट में पेशी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बनियापारा धमधा निवासी 35 वर्षीय नीतिश गुप्ता और ग्राम बिरझापुर निवासी 46 वर्षीय अमित शर्मा के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।