
उपभोक्ताओं का आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर आवंटित सिलेंडर अन्य उपभोक्ताओं को दे दिया जाता है या फिर ब्लैक में बेच दिया जाता है। एडीएम ने खाद्य विभाग को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी न होने देने को कहा गया है।
दरअसल कलेक्टर संजय अग्रवाल ने हाल ही में जिले में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी उपभोक्ता को गैस की कमी का सामना नहीं करना पड़े और शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ब्लैक में गैस सिलेंडर बेचने की शिकायत मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी भी दी थी।
बालाजी एजेंसी में उपभोक्ताओं ने मचाया हंगामा
गुरुवार को बालाजी गैस एजेंसी में ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि एजेंसी के बाहर कुछ लोगों को सीधे सिलेंडर दिए जा रहे हैं।
जबकि आम उपभोक्ताओं को स्टॉक खत्म होने की बात कहकर टाल दिया जाता है। इस दौरान महिलाओं और बुजुर्गों ने नाराजगी जताते हुए गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप लगाए।
एजेंसी संचालक और मैनेजर ने बुलाई पुलिस
हंगामे और विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए एजेंसी संचालक और उसके मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, उपभोक्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
ऑनलाइन बुकिंग, दूसरे को दिया सिलेंडर
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी में ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान वास्तविक उपभोक्ता के नाम से होता है। लेकिन, सिलेंडर किसी दूसरे व्यक्ति को दे दिया जाता है। इससे जिन लोगों ने समय पर बुकिंग और भुगतान किया, वे घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई लोगों को सीधे सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाते हैं, जबकि आम उपभोक्ताओं को “स्टॉक खत्म” होने का बहाना देकर टाल दिया जाता है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे पीड़ित उपभोक्ता
एजेंसी में हंगामा मचाने के बाद नाराज उपभोक्ता अपनी शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी से मुलाकात कर शिकायत की। जिस पर उन्होंने खाद्य विभाग के अफसरों को निर्देशित किया कि एजेंसी में उपभोक्ताओं को परेशान न किया जाए।
उन्होंने साफ कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए किसी एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं को परेशान करना स्वीकार नहीं किया जाएगा।