छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने ओडिशा के तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने ओडिशा के तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। तीनों आरोपी ओडिशा से गांजा बैग और ट्रॉली में भरकर मध्यप्रदेश बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रेलवे स्टेशन के बाहर पकड़ लिया।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। दरअसल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र में स्थित शिव मंदिर के पास पीपल के पेड़ के नीचे एक महिला और दो युवक बैग लेकर बैठे हैं। उनके पास बड़ी मात्रा में गांजा है और वे किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना, साइबर सेल और रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सिद्धांत गोंडा (28) निवासी डिमरीकाल, थाना खजुरीपाड़ा, जिला कंधमाल (ओडिशा), कश्यप साहनी (45) निवासी घोड़ापथरा (ओडिशा) और चंद्रिका साहनी (40) बताया।

1.76 लाख का गांजा और मोबाइल जब्त

पुलिस ने जब उनके बैगों की तलाशी ली तो एक बैग से 6.382 किलोग्राम, ट्रॉली बैग से 8.084 किलोग्राम और तीसरे बैग से 3.304 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 1.76 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपियों के पास से दो कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

MP के जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहे थे

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के कंधमाल जिले से गांजा खरीदकर मध्यप्रदेश के खुरई में बिक्री करने के लिए ट्रेन से रायगढ़ पहुंचे थे। वहां से आगे जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहे थे।

पुलिस जांच में आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही

SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस जिले में अवैध मादक पदार्थ कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत स्टेशन के बाहर से तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।