अंबिकापुर के टुन-टुन दाबेली के संचालक अमन ओझा का शव झारखंड के रंका थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितयों में मिला

Chhattisgarh Crimesअंबिकापुर के टुन-टुन दाबेली के संचालक अमन ओझा का शव झारखंड के रंका थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितयों में मिला है। शुरुआती जांच में उनकी हत्या होने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि उनके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं।

कुछ समय पहले अमन ओझा ने एक वीडियो जारी कर अपनी पत्नी के अपहरण और अपनी हत्या की आशंका भी जताई थी। फिलहाल इस मामले की जांच झारखंड पुलिस कर रही है।

जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर के मिशन चौक स्थित टुन-टुन दाबेली दुकान का संचालक अमन ओझा कुछ दिनों से लापता था। रविवार को सोशल मीडिया पर झारखंड पुलिस की एक पोस्ट से उसके शव मिलने की जानकारी सामने आई। यह पोस्ट शव की पहचान करने के लिए जारी की गई थी।

बताया जा रहा है कि उनके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे शुरुआती तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

अपनी हत्या की जताई थी आशंका

करीब दो महीने पहले अमन ओझा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उसने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी को एक मुस्लिम युवक भगा ले गया है। साथ ही उसने बताया था कि उसे जान से मारने की धमकी मिल रही है।

इसकी शिकायत उसने कोतवाली थाने में भी की थी, लेकिन बाद में वह अपने लगाए गए आरोपों से मुकर गया था।

अमन ओझा की बुलेट बाइक रामानुजगंज में लावारिस हालत में खड़ी मिली है। वह रंका थाना क्षेत्र तक किसके साथ पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। झारखंड पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

नशे का आदी हो गया था युवक

अमन ओझा को जानने वालों ने बताया कि वो लंबे समय से नशा करने लगा था। नशे की आदत के कारण ही पत्नी से उसका विवाद भी होता था। इस कारण पत्नी ने भी उसे छोड़ दिया था। वह झारखंड कैसे पहुंचा और किसने उसकी हत्या की, इस संबंध में जानकारी नहीं मिल सकी है।

Exit mobile version