छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तमनार चौक पर अवैध कबाड़ ले जा रहे 4 माजदा वाहन पकड़े गए

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तमनार चौक पर अवैध कबाड़ ले जा रहे 4 माजदा वाहन पकड़े गए। वाहनों में 3 लाख 23 हजार 800 रुपए का कबाड़ लोड था। पुलिस ने कबाड़ और वाहनों समेत 31 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति जब्त की। पुलिस ने यह कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत की। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार को पूंजीपथरा पुलिस तमनार चौक पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धरमजयगढ़-घरघोड़ा क्षेत्र से अलग-अलग वाहनों में कबाड़ भरकर पूंजीपथरा लाया जा रहा है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने चार माजदा वाहनों को रोककर जांच की। जांच में वाहनों में भारी मात्रा में कबाड़ मिला।

ड्राइवर पुरुषोत्तम यादव (30) निवासी धरमजयगढ़ के वाहन में करीब 3 टन 700 किलो लोहा और टीन का कबाड़ मिला। वहीं ड्राइवर दीपक राम मांझी (23) निवासी पालीडीह पत्थलगांव के वाहन में करीब 4 टन कबाड़ मिला।इसके अलावा ड्राइवर पुनवा राम नौरंग (50) निवासी कुटराबोर जिला सक्ती के वाहन में 3 टन लोहा और टीन का कबाड़ मिला। ड्राइवर किशना सतनामी (26) निवासी नंदेलीभांठा जिला सक्ती के वाहन में करीब 4 टन कबाड़ लोड मिला।

कबाड़ संबंधी दस्तावेज नहीं मिला

पुलिस ने चारों ड्राइवरों से कबाड़ ले जाने के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने चोरी और संदिग्ध सामान होने के शक में सभी आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 35(क)(ड) और 303(2) के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें कोर्ट में पेश किया।

पुलिस ने 14 टन 700 किलो कबाड़, जिसकी कीमत 3 लाख 23 हजार 800 रुपए है, और वाहनों समेत कुल 31 लाख 23 हजार 800 रुपए की संपत्ति जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अवैध काराबोर में संलिप्त व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी के सामान, अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध सामान के परिवहन के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध काम में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ा जाएगा। पुलिस ने उद्योगों, व्यापारियों और आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस ने 4 वाहनों समेत अवैध कबाड़ जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Exit mobile version