
वहीं, पुलिस का कहना है कि संदल के दौरान बाइक टकराने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। जिसमें दोनों पक्षों ने शिकायत नहीं की है। इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सिविल लाइन टीआई एसआर साहू ने बताया कि पुलिस लाइन स्थित मजार में उर्स का आयोजन चल रहा है। इसके चलते अलग-अलग जगहों से मुस्लिम समुदाय के लोग संदल चादर चढ़ाने के लिए डीजे और ढोल-ताशे लेकर पहुंचते हैं।
शनिवार की रात बाइक टकराने को लेकर संदल चढ़ाने निकले एक पक्ष के साथ बाइक टकराने को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई।
युवकों को थाने लेकर आई थी पुलिस, नहीं दर्ज कराई एफआईआर
टीआई साहू ने बताया कि इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इस दौरान मारपीट से घायल युवक के साथ ही दूसरे पक्ष के युवकों को भी थाने लेकर आई थी। लेकिन, दोनों पक्षों ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने से इंकार कर दिया। बताया गया कि उनको कोई कार्रवाई नहीं चाहिए। इसके चलते पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
लाठी-डंडा और चाकू लेकर दौड़ाने का वीडियो आया सामने
युवकों की पिटाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बदमाश युवक कानून व्यवस्था को ताक में रखकर जमकर लात-घूंसे चलाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में युवक लाठी-डंडा और चाकू लेकर युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई करते भी दिख रहे हैं। जिसके चलते अब पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहा है। कहा जा रहा है कि थाने के सामने जिस तरह से खुलेआम लाठी-डंडा और चाकू लहराई जा रही है, इससे अपराधियों का हौसला बढ़ता है।
वीडियो वायरल होने के बाद दो युवक गिरफ्तार
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि उर्स त्योहार के दौरान तारबाहर के घोड़ादाना स्कूल के पास से संदल और चादर चढ़ाने के लिए एक टोली निकली थी। सिविल लाइन थाने के सामने डांस करते समय पैर टकराने की बात पर विवाद हो गया।
इसी दौरान हर्ष खांण्डे चाकू लहराकर लोगों को डराने लगा। पुलिस के पहुंचते ही वह वहां से भाग गया। बाद में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी तरह उर्स त्योहार में संदल की दूसरी टोली तालापारा सिविल लाइन से निकली थी। मगरपारा चौक के पास अब्दुल अजीम खान हाथ में चाकू लहराते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25-27 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से चाकू और चापड़ बरामद किए हैं।