छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में धान खरीदी के पैसे के लेनदेन को लेकर एक युवक का तीन लोगों ने अपहरण कर लिया। आरोपी युवक के साथ मारपीट करते हुए उसे कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को झारखंड से सुरक्षित वापस लाकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मुड़ागांव निवासी शिव प्रसाद बंजारा (55) ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। उनका बड़ा बेटा रवि नारायण बंजारा पिछले कुछ समय से झारखंड के रहने वाले पवन साहू के साथ धान खरीदी-बिक्री का काम कर रहा था।
रविवार को पवन साहू अपने साथियों के साथ कार में रवि बंजारा के घर पहुंचा। आरोप है कि वे जबरन घर के अंदर घुस गए और धान खरीदी-बिक्री के बचे हुए 12 लाख रुपए मांगने लगे। इस दौरान उन्होंने रवि के साथ मारपीट भी की।
परिजनों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद रवि बंजारा के गले से चांदी की चेन खींच ली और मारपीट करते हुए उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।
पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी
घटना के बाद शिव प्रसाद बंजारा ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर लैलूंगा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की और युवक की तलाश में टीम रवाना की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झारखंड से रवि नारायण बंजारा को आरोपियों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाकर वापस लैलूंगा ले आई। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।