अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्यमार्ग पर मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि शादी समारोह से लौट रहे ऑटो चालक को रोककर मोबाइल लूटने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesअंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्यमार्ग पर मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि शादी समारोह से लौट रहे ऑटो चालक को रोककर मोबाइल लूटने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवकों ने एक कार सवारों को भी रोककर लूटने की कोशिश की, लेकिन वे भाग निकलने में कामयाब रहे। पकड़े गए दोनों युवक उत्तरप्रदेश के निवासी हैं। अन्य आरोपी फरार हैं। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कल्याणपुर निवासी ऑटो चालक धमेंद्र यादव 12 मई की रात अंबिकापुर से शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहा था। रास्ते में कल्याणपुर जंगल में उसे छह बाइकों में सवार 10 से 12 युवकों ने रोका और पिस्टल दिखाते हुए जान से मारने की धमकी देकर पैसे मांगे। धमेंद्र यादव ने पैसा नहीं होना बताया तो आरोपियों ने उसका मोबाइल लूट लिया।

कार सवारों से लूट की कोशिश नाकाम मौके पर पहुंचे एक कार के सवारों को रोककर युवकों ने उन्हें लूटने की कोशिश की। कार चालक ने कार की रफ्तार कम की, लेकिन स्थिति को भांपते हुए उसने कार की स्पीड बढ़ा दी और भाग निकलने में कामयाब रहे। इसके बाद आरोपी बाइकों में सवार होकर भाग निकले।

घटना की रिपोर्ट पर गांधीनगर पुलिस ने धारा धारा 126(2), 310(2) बी.एन.एस. एवं 25 आर्म्स एक्ट का अपराध दर्ज किया। पुलिस आरोपियों की पतासाजी में जुटी थी।

यूपी के दो युवक गिरफ्तार मामले की जांच में लगी साइबर सेल अंबिकापुर एवं थाना गांधीनगर की संयुक्त टीम ने प्रतापपुर-अंबिकापुर रोड में लगे कई CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध बाइक सवार दिखे, जिनमें दो युवकों की पहचान वैभव मिश्रा एवं लवकुश कुमार के रूप में की गई।

पुलिस ने वैभव मिश्रा (20 वर्ष) एवं लवकुश कुमार (24 वर्ष) दोनों निवासी सुल्तानपुर, उत्तरप्रदेश वर्तमान निवास राजा गैस गोदाम के पास अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। घटना में शामिल अन्य आरोपी यूपी फरार हो गए हैं।

गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version