जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचिकरण कार्य के दौरान रायपुर की एक शिक्षिका हादसे का शिकार हो गईं। शासकीय स्कूल माना में पदस्थ शिक्षिका और जनगणना प्रगणक माधुरी विश्वास ड्यूटी निभाते समय गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद घायल शिक्षिका को एमएमआई नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन की ओर से इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह गुरुवार को खुद अस्पताल पहुंचे और माधुरी विश्वास से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर मनीष मिश्रा भी मौजूद रहे। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल माधुरी विश्वास की स्थिति स्थिर और सामान्य बनी हुई है।