बिलासपुर में शहर से लगे मोपका स्थित जायसवाल ढाबा में पुलिस ने छापेमारी की

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में शहर से लगे मोपका स्थित जायसवाल ढाबा में पुलिस ने छापेमारी की। जहां बड़ी मात्रा में देसी-अंग्रेजी शराब के साथ बीयर बरामद हुआ। यहां अवैध रूप से शराब बेचने और ग्राहकों को पिलाने वाले संचालक रविशंकर उर्फ रवि जायसवाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, पुलिस अफसरों को पिछले कुछ दिनों से शिकायत मिल रही थी कि सरकंडा थाना के मोपका-छठघाट रास्ते पर स्थित जायसवाल ढाबा में ग्राहकों को शराब पिलाई जाती है। ढाबा में अवैध शराब भी रखी गई है। इस पर एसएसपी रजनेश सिंह ने सरकंडा पुलिस को ढाबे में छापेमारी करने के निर्देश दिए गए।

जांच में मिले देसी-अंग्रेजी शराब और बीयर

इसके बाद मंगलवार की रात सरकंडा पुलिस ने ढाबे में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में देसी, अंग्रेजी और बीयर जब्त की, जिसके बाद ढाबा संचालक रविशंकर उर्फ रवि जायसवाल को पकड़कर थाने लाया गया।

पुलिस पहुंचते ही भागे शराब पी रहे लोग

पुलिस को देखते ही ढाबे में शराब पी रहे लोग मौके से फरार हो गए। पूछताछ में पता चला कि ढाबा संचालक आवासपारा सिरगिट्टी का रहने वाला है, जो ढाबा में शराब मंगाकर रखा था और ग्राहकों को शराब उपलब्ध करा रहा था।

बोरी और आइस पेटी में छिपाकर रखी थी शराब

तलाशी के दौरान पुलिस को ढाबे में रखी सफेद बोरी से 50 पाव देसी प्लेन शराब मिली। वहीं लाल रंग की आइस पेटी में 10 सिम्बा कंपनी की बीयर, एक बडवाइजर बीयर और एक बोतल सिग्नेचर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

इसके अलावा डिस्पोजल ग्लास और खुली शराब की शीशियां भी मिलीं, जिनका उपयोग ग्राहकों को शराब पिलाने में किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को शराब रखने और पिलाने संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने नोटिस दिया, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Exit mobile version