मनेंद्रगढ़ वन मंडल के कुवांरपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत गांजर क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई

Chhattisgarh Crimesमनेंद्रगढ़ वन मंडल के कुवांरपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत गांजर क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। पटोरीहा नाला के पास पीएफ 1228 कंपार्टमेंट में तेंदुए ने एक गाय का शिकार किया है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

स्थानीय ग्रामीण छोटे लाल यादव की गाय जंगल किनारे चर रही थी, तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ गाय को मारने के बाद उसे झाड़ियों में छिपाकर आसपास ही मौजूद था। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जंगल क्षेत्र में तेंदुए की बढ़ती सक्रियता पर चिंता व्यक्त की।

जिस समय यह घटना हुई, उस दौरान क्षेत्र में तेंदूपत्ता तोड़ने का कार्य चल रहा था। बड़ी संख्या में ग्रामीण और मजदूर जंगल के भीतर मौजूद थे। तेंदुए की खबर फैलते ही तेंदूपत्ता संग्रहण में लगे लोगों में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं, जिससे जंगल में जाना जोखिम भरा हो गया है।

डोगरीटोला में तेंदुए के हमले से हुई थी बुजुर्ग की मौत

उल्लेखनीय है कि इसी क्षेत्र से सटे ग्राम पंचायत डोगरीटोला में कुछ दिन पहले तेंदुए के हमले में 80 साल के कुवांरे सिंह की मौत हो गई थी। 5 मई की रात घर से बाहर निकले बुजुर्ग पर तेंदुए ने हमला किया था। वन विभाग की जांच में घटनास्थल पर तेंदुए के पंजों के निशान भी मिले थे। इस घटना के बाद से ही ग्रामीणों में पहले से ही भय व्याप्त है।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, सतर्क रहने की अपील

वन परिक्षेत्र कुवांरपुर के अधिकारी दिनेश साहू ने ग्रामीणों से जंगल में सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि गाय के शिकार का प्रकरण तैयार कर लिया गया है और नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही, क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने की बात भी कही गई है