छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला और उसकी 9 वर्षीय नातिन पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला और उसकी 9 वर्षीय नातिन पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। घटना में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ के वार्ड क्रमांक 15 चिकटवानी स्थित मुड़ाटिकरा मोहल्ले में रहने वाली मिरीना लकड़ा (70) शनिवार को अपनी नातिन अगस्तिना लकड़ा (9) के साथ घर में अकेली थी। परिवार के बाकी लोग किसी काम से बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात लोग घर पहुंचे और दोनों पर हमला कर दिया।

हमले में मिरीना लकड़ा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।पुलिस टीम ने घायल बच्ची को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं बुजुर्ग महिला के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

सिर पर वार के मिले निशान

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि संभवतः डंडे से सिर पर वार किया गया है। मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हत्या के कारणों की जांच जारी

इस मामले में धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Exit mobile version