बलौदाबाजार में एक गर्भवती महिला की मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार में एक गर्भवती महिला की मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर बिना वैध चिकित्सा योग्यता और लाइसेंस के इलाज करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों में फर्जी डॉक्टर दुखित साहू और संस्कार अस्पताल कटगी का संचालक जोहित राम साहू शामिल हैं।

मामला गिधौरी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 8 जून को अंजू प्रजापति को प्रसव पीड़ा होने पर एक रिटायर्ड नर्स के पास ले जाया गया था। आरोप है कि वहां लापरवाही से डिलीवरी कराई गई, जिसके परिणामस्वरूप बच्चा मृत पैदा हुआ और महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।

गंभीर बिगड़ती तो किया रेफर, रास्ते में मौत

बिगड़ती हालत में अंजू को संस्कार अस्पताल कटगी ले जाया गया। जहां आरोपी दुखित साहू ने लगभग दो घंटे तक उसका इलाज किया। जब महिला की हालत और गंभीर हो गई, तो उसे जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

कानूनी डिग्री या लाइसेंस नहीं

गिधौरी थाना पुलिस की ओर से की गई जांच में यह खुलासा हुआ कि दुखित साहू केवल 12वीं पास है और उसके पास मरीजों का इलाज करने के लिए कोई कानूनी डिग्री या लाइसेंस नहीं है। शिकायतकर्ता दुर्गेश पटेल की रिपोर्ट पर 14 दिसंबर को इस मामले में धारा 105 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसके बाद पुलिस ने संस्कार अस्पताल संचालक जोहित राम साहू (40) और दुखित राम साहू (28) को गिरफ्तार किया। दुखित राम साहू पर आरोप है कि वह बिना किसी वैध चिकित्सा डिग्री या लाइसेंस के मरीजों का इलाज करता था और उसकी लापरवाही से ही महिला की मौत हुई।

अस्पताल में पंजीकृत डॉक्टर की नियुक्ति नहीं

वहीं, अस्पताल संचालक जोहित राम साहू ने अपने अस्पताल में पंजीकृत डॉक्टर की नियुक्ति नहीं की थी और बिना योग्य चिकित्सा स्टाफ के ही अस्पताल का संचालन कर रहा था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस मामले में थाना प्रभारी धीरेंद्र दुबे गिधौरी का कहना है कि 14 दिसंबर को मामला दर्ज किया गया था। रविवार को दो आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। कुछ लोग फरार है जिसकी तलाश जारी है और जल्द ही मामले में लिप्त लोगों की गिरफ्तारी हो जाएगी।

Exit mobile version