दंतेवाड़ा जिले में पारिवारिक जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया

Chhattisgarh Crimesदंतेवाड़ा जिले में पारिवारिक जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भाई ने मामूली कहासुनी के बाद अपने ही भाई की लोहे की गैंती से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 19 मई को ग्राम टेकनार कोन्टीपारा में सुदराम के घर नामकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में परिवार और रिश्तेदार मौजूद थे। इसी दौरान रामू और रामलाल जो आपस में भाई हैं। उनके बीच पैतृक जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। पहले दोनों के बीच बहस हुई, लेकिन मामला शांत हो गया।

खाना खाने के बाद आंगन में सोया था

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे विवाद के बाद मृतक खाना खाकर रिश्तेदार के घर के आंगन में सो गया था। इसी बीच आरोपी रामू भास्कर वहां पहुंचा और सो रहे अपने भाई पर लोहे की गैंती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी ने दी घटना की जानकारी

घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। प्रार्थी सुरेश भास्कर ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मोती भास्कर ने आकर कहा कि रामू जीजा ने रामलाल जीजा को मार दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

क्राइम सीन यूनिट के साथ मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा पुलिस क्राइम सीन यूनिट के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामले में देहाती मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

हत्या में इस्तेमाल गैंती बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रामू भास्कर (55) निवासी ग्राम कांदाकरका बड़े तुमनार थाना गीदम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की गैंती भी बरामद कर ली गई।

24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा ASP आरके बर्मन ने बताया कि दंतेवाड़ा पुलिस ने आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल दंतेवाड़ा भेज दिया गया।

Exit mobile version