कोरबा के दीपका स्थित गोपीचंद पेट्रोल पंप पर आधी रात डीजल को लेकर विवाद हो गया

Chhattisgarh Crimesकोरबा के दीपका स्थित गोपीचंद पेट्रोल पंप पर आधी रात डीजल को लेकर विवाद हो गया। जरीकेन में जबरन 6000 रुपए का डीजल भरवाने और उसे वापस लौटाने की बात पर मैनेजर और ग्राहक के बीच मारपीट हुई। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

गोपीचंद पेट्रोल पंप के मैनेजर केसर खान ने पुलिस को बताया कि रात करीब 12:50 बजे पंपकर्मी रामकुमार और कृति कुमार ने उन्हें फोन पर सूचना दी। उन्होंने बताया कि शिवम शर्मा जबरन जरीकेन में 6000 रुपए का डीजल ले गया है। केसर खान ने पंप पहुंचकर शिवम को फोन किया और डीजल वापस लाने को कहा, क्योंकि डिब्बे में तेल देना मना है।

आरोप है कि शिवम ने फोन पर गाली-गलौज की और थोड़ी देर बाद पंप आकर केसर खान और अकाउंटेंट सत्यम के साथ मारपीट की। मारपीट में केसर खान के गले, कनपटी और बाएं हाथ में चोटें आईं, और उनकी सोने की चेन भी टूट गई।

केसर खान की शिकायत पर शिवम शर्मा और संजू शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शिवम शर्मा के पिता एसईसीएल में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।

शिवम शर्मा ने भी पुलिस में की शिकायत

दूसरी ओर, दीपका कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय शिवम शर्मा ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिवम का आरोप है कि पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर केसर खान और अकाउंटेंट सत्यम ने उनके साथ मारपीट की। शिवम की शिकायत पर केसर खान और सत्यम के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने पुष्टि की कि दोनों पक्षों की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शिवम शर्मा के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है, क्योंकि वह जान जोखिम में डालकर डिब्बे में पेट्रोल ले जा रहा था, जो असुरक्षित है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में जल्द ही जब्ती और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version