छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार को मकान से दंपती और उनके 2 बच्चों की लाश मिली

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार को मकान से दंपती और उनके 2 बच्चों की लाश मिली। बच्चों की लाश बिस्तर पर थी, पति-पत्नी फंदे से लटके हुए मिले। मृतिका चंचल साहू ने अपने नाम से ही सुसाइड नोट लिखा है। इस सुसाइड नोट में शादीशुदा जिंदगी से परेशान होने की बात कही है।

उसने पति पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप लगाया है। दोनों की लव मैरिज हुई थी। सुसाइड नोट में पत्नी ने किसे कैसे मारा है इस बात का भी उल्लेख है। चंचल ने पहले दोनों बच्चों को शराब पिलाई। उसके बाद उसने बच्चों को नींद का इंजेक्शन लगाया।

मौत हुई या नहीं कंफर्म नहीं होने पर उसने बच्चों का रस्सी से गला घोंट दिया। वहीं पति शराब का आदी था। उसे भी खूब शराब पिलाई। पत्नी के गाल पर थप्पड़ के निशान मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों के बीच विवाद हुआ था।

इस दौरान पति पहले फांसी के फंदे पर झूला, उसके बाद पत्नी ने खुद फांसी लगाई है। इस मामले में एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह बताई जा सकेगी। अभी मामले की जांच की जा रही है। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र की है।

जानिए क्या है मामला

जानकारी के मुताबिक गोविंद साहू (45) और चंचल साहू (40) की लाश कमरे में फांसी के फंदे पर लटके मिली, जबकि बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) की लाश बिस्तर में मिली। जानकारी के अनुसार कमरे में 2 सुसाइड नोट मिले हैं, जिसमें एक सुसाइड नोट में पति-पत्नी दोनों की राइटिंग है।

इससे पुलिस अंदाजा लगा रही है कि पति-पत्नी दोनों ने मिलकर आत्महत्या की है। यह पूरी वारदात शराब के नशे में की गई है। पुलिस को घर के अंदर शराब की बॉटल भी मिली हैं। पत्नी ने सुसाइ़ड नोट में पति पर दूसरी लड़कियों से अफेयर का जिक्र किया है। इस वजह से विवाद की बात कही है।

माता-पिता की मर्जी के खिलाफ की थी शादी

मृतिका चंचल साहू ने माता-पिता और भाई के फैसले के खिलाफ शादी की थी। लेकिन वो अपनी शादीशुदा जिंदगी से खुश नहीं थी। वो अपने पति से शादी के कुछ साल बाद से ही परेशान रहती थी। चंचल ने मरने से पहले अपने परिवार के सदस्यों से माफी मांगी है।

केपीएस में पढ़ाई करते थे बेटा-बेटी

गोविंद और चंचल के दोनों बच्चे केपीएस नेहरू नगर में पढ़ाई करते थे। बेटा इस साल ने 5वीं की परीक्षा पास कर 6वीं में प्रवेश कर लिया है। वहीं बेटी 8वीं पास कर 9वीं कक्षा में गई थी। पति गोविंद साहू शेयर ट्रेडिंग का काम करता था।

भिलाई के प्रियदर्शनीय परिसर में ऑफिस है। मृतक गोविंद साहू का एक भाई राधिका नगर में रहता है और बाकी के तीन भाई दुर्ग के आर्य नगर स्थित घर में एक साथ रहते हैं। तीनों भाई अलग नहीं हुए थे और एक ही चुल्हे पर तीनों भाई की फैमिली का खाना बनता था।

गोविंद साहू 8 दिन पहले ही बालाजी दर्शन करके दुर्ग लौटा था। इनके आने के बाद बाकी 2 भाई अपने परिवार के साथ पूरी घूमने गए थे और कल रात में ही लौटे थे।

कॉल डिटेल की जांच जारी

हालांकि, पुलिस ने आत्महत्या के पीछे की वजहों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस घर से मिले साक्ष्यों और मोबाइल कॉल डिटेल की जांच कर रही है। साथ ही परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

Exit mobile version