सक्ती जिले में पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर भगाने और दुष्कर्म करने के आरोप में एक साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesसक्ती जिले में पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर भगाने और दुष्कर्म करने के आरोप में एक साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जैजैपुर निवासी सलमान खान के रूप में हुई है।

पुलिस ने उसे सक्ती के हटरी रोड इलाके से घेराबंदी कर पकड़ा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह मामला जैजैपुर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने वर्ष 2025 में जैजैपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस शिकायत के आधार पर थाना जैजैपुर में अपराध क्रमांक 91/2025 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान परिजनों ने सलमान खान पर संदेह व्यक्त किया था, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

8 महीने की प्रेग्नेंट भी हुई नाबालिग

इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग पीड़िता को अपने घर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने बालिका को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पीड़िता से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उससे लगातार शारीरिक संबंध बनाए।

जिसके कारण वह लगभग 8 माह की गर्भवती हो गई थी। इस खुलासे के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 65(ए) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 जोड़ी गईं।

घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार किया

जांच के दौरान, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सक्ती के हटरी रोड क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही, पुलिस टीम ने पैलेस रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी सलमान खान को गिरफ्तार कर लिया।

इस पूरी कार्रवाई में जैजैपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक भूपेन्द्र चंद्रा, आरक्षक मनोज लहरे और महेंद्र कंवर का विशेष योगदान रहा।

Exit mobile version