छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हाईकोर्ट की सख्ती और पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद नेशनल हाईवे पर स्टंटबाजी जारी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हाईकोर्ट की सख्ती और पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद नेशनल हाईवे पर स्टंटबाजी जारी है। एक बार फिर बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर चलती कार में रील बनाने का वीडियो सामने आया है।

वीडियो में युवती पहले चलती कार के सामने रैंप वॉक करती नजर आ रही है। इसके बाद वह शैंपेन की बोतल खोलकर मस्ती करती दिखाई देती है। वहीं, युवती कार की छत पर बैठकर और खड़े होकर अलग-अलग पोज देती नजर आ रही है।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में ट्रैफिक पुलिस ने नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक की पहचान कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह पूरा मामला कोनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

मोटर व्हीकल एक्ट तहत केस दर्ज

जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में दिखाई दे रही कार (CG0-10-CD-141) देर रात कोनी-तुर्काडीह नेशनल हाईवे बाइपास पर नजर आ रही है। तुर्काडीह ओवरब्रिज के नीचे युवती चलती कार के सामने रैंप वॉक, शैंपेन की बोतल से झाग उड़ाती दिखाई दे रही है।

वहीं, कार की छत पर चढ़कर अलग-अलग पोज देते नजर आ रही है। वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान कर ली गई है। मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

ड्राइविंग लाइसेंस होगा निरस्त

ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि कार को जब्त करने के साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को लेटर भेजा जाएगा। चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना, स्टंट करना या मुख्य मार्ग पर इस तरह का सेलिब्रेशन गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है।

ट्रैफिक पुलिस की अपील

ट्रैफिक एएसपी ने कहा कि रात के समय ऐसी हरकतें अन्य वाहन चालकों का ध्यान भी भटका सकती हैं, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए यातायात नियमों की अनदेखी न करें और सड़क को स्टंट का मंच बनाने से बचें।

Exit mobile version