धमतरी जिले के खरेंगा गांव में अवैध रेत उत्खनन का गंभीर मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesधमतरी जिले के खरेंगा गांव में अवैध रेत उत्खनन का गंभीर मामला सामने आया है। महानदी किनारे स्थित श्मशान घाट से अवैध खनन के दौरान 10 मानव कंकाल बाहर निकल आए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान से रेत निकाली जा रही थी वह प्रतिबंधित क्षेत्र है और वहां श्मशान घाट स्थित है। आरोप है कि रेत माफिया लगातार अवैध तरीके से मशीनों और वाहनों के जरिए यहां से रेत निकाल रहे थे। खुदाई के दौरान कई मानव कंकाल बाहर आ गए, जिनमें कुछ हाल ही में दफनाए गए लोगों के बताए जा रहे हैं।

कंकाल बाहर आने के बाद पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि श्मशान घाट की खुदाई से हाल ही में दफनाए गए बुजुर्गों के कंकाल भी बाहर आ गए हैं, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दूसरे गांवों की रॉयल्टी का इस्तेमाल कर खरेंगा के प्रतिबंधित श्मशान घाट से अवैध रेत निकाली जा रही है। मामले की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेत से भरे कई वाहनों को पकड़ लिया।

“ग्राम विकास समिति ने लगाया था प्रतिबंध”

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम विकास समिति की ओर से पहले ही इस क्षेत्र में खनन पर रोक लगाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद रेत माफिया लगातार उत्खनन कर रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद खनिज विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है

सरपंच बोलीं- 15 से 20 दिनों से चल रहा था खेल

ग्राम खरेंगा की सरपंच नीलम साहू ने बताया कि श्मशान घाट वाले प्रतिबंधित क्षेत्र से लगातार रेत निकाली जा रही थी। उन्होंने कहा कि अब तक 10 कंकाल बाहर निकल चुके हैं।

सरपंच के मुताबिक, गांव में मुनादी कराकर खनन बंद करने की चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद माफियाओं में किसी तरह का डर नहीं दिखा। उन्होंने बताया कि पिछले 15 से 20 दिनों से रेत माफिया मौके पर आते थे और ग्रामीणों को देखते ही रेत लेकर भाग जाते थे।

कलेक्टर से होगी शिकायत

ग्रामीणों ने अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार खुदाई के कारण श्मशान घाट में दाह संस्कार और दफनाने के लिए जगह की कमी हो गई है।

सरपंच नीलम साहू ने कहा कि पूरे मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से की जाएगी, ताकि अवैध खनन पर रोक लग सके और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो।

Exit mobile version