रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार रात फ्लैग मार्च निकाला

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार रात फ्लैग मार्च निकाला। ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और गांव-गांव पहुंचकर लोगों से चर्चा की।

इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध और असामाजिक तत्वों से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई और स्थानीय नागरिकों को किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

औरदा और आसपास के क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों की बदमाशी, मारपीट, बाइक स्टंट और अन्य अवांछित गतिविधियों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम गांवों में पहुंची।

पुलिस जवान गढ़उमरिया, औरदा सहित आसपास के गांवों में पहुंचे और ग्रामीणों से संवाद कर असामाजिक गतिविधियों की जानकारी ली। इसके अलावा पुलिस उन स्थानों पर भी पहुंची, जहां सार्वजनिक रूप से शराबखोरी की सूचना मिली थी।हालांकि पुलिस के पहुंचने पर मौके पर कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी कि किसी भी तरह की आपराधिक या अवांछनीय गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

कांशीराम चौक पर अलग-अलग टीम बनाकर जांच

कांशीराम चौक पर अलग-अलग टीम बनाकर जांच की गई। ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा जूटमिल पुलिस ने कांशीराम चौक पर भी जांच अभियान चलाया।

यहां पुलिस की अलग-अलग टीम बनाकर आसपास के इलाकों में असामाजिक तत्वों की तलाश की गई। पुलिस ने कई सालों बाद इस तरह का फ्लैग मार्च निकालकर सीधे लोगों से बातचीत की और कांशीराम चौक से गढ़उमरिया होते हुए ओडिशा रोड तक जांच की।

कई तरह की शिकायतें आ रही थी

जूटमिल थाना प्रभारी अभिनवकांत सिंह ने बताया कि मारपीट, बदमाशी जैसी कई तरह की शिकायतें गोपनीय रूप से सामने आ रही थीं। इन्हीं शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च निकाला।

गढ़उमरिया गांव में ग्रामीणों से चर्चा की गई और उन्हें आपराधिक प्रवृत्ति से जुड़े लोगों की सूचना पुलिस को देने के लिए कहा गया।

Exit mobile version