
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 25 मई को मालखरौदा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए राकेश टंडन (26), निवासी थेम्हापारा, चौकी मल्हार, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर से हुई थी। आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और 11 मई को मिशन चौक बुलाया।
शिकायत के मुताबिक, राकेश टंडन पीड़िता को मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक सुनसान जगह ले गया। वहां उसने जान से मारने की धमकी देते हुए कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
परिवार को नुकसान पहुंचने की धमकी दे कर करता रहा दुष्कर्म
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे बिलासपुर ले गया और रास्ते में उसकी मोबाइल सिम तोड़ दी। इसके बाद उसे गोंदिया होते हुए महाराष्ट्र के कराड-मलकापुर क्षेत्र में एक घर में रखा गया। वहां आरोपी ने परिवार वालों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण किया।
इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के निर्देशन में आरोपी की तलाश तेज की गई।
आरोपी को उसके घर से दबोचा
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है। इसके बाद साइबर सेल की मदद से पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी को रिमांड पर जेल भेजा गया,जांच जारी है
आरोपी को गिरफ्तार कर 29 मई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।