
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बांसपारा वार्ड की है, जहां पति-पत्नी द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दुर्गा यादव (21) ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। परिजन और पड़ोसी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी की मौत की जानकारी मिलने के बाद पति पुरुषोत्तम यादव (23) गहरे सदमे में आ गया। बताया जा रहा है कि वह घर लौटने के बाद उसी फंदे पर लटक गया, जिस पर उसकी पत्नी ने आत्महत्या की थी।
पड़ोसियों ने बचाई युवक की जान
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने घर का दरवाजा तोड़कर पुरुषोत्तम यादव को नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, हालांकि वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।
पत्नी को पेट की बीमारी थी
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि बांसपारा वार्ड से नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची थी। निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने दुर्गा यादव को मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया है कि मृतका को पेट संबंधी समस्या थी और इलाज को लेकर परिवार में चर्चा चल रही थी। हालांकि घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पंचनामा और जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
पुलिस के अनुसार, मृतका के परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामा और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। मौके पर पुलिस और तहसीलदार मौजूद हैं। परिजनों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और परिजनों से पूछताछ के बाद ही आत्महत्या के प्रयास के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।