कोरबा जिले में खरीफ सीजन से पहले खाद-बीज की कालाबाजारी रोकने और किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने सख्ती बढ़ा दी

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले में खरीफ सीजन से पहले खाद-बीज की कालाबाजारी रोकने और किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर शुक्रवार को जिलेभर की सहकारी और निजी उर्वरक दुकानों में अचानक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर 6 दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जबकि एक दुकान पर तत्काल प्रभाव से बिक्री प्रतिबंध लगा दिया गया। साथ ही 56 बोरी यूरिया भी जब्त की गई।

कृषि विभाग के उप संचालक डीपीएस कंवर ने बताया कि खरीफ 2026 को देखते हुए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। 29 मई को जिले की कुल 18 उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच में 6 दुकानों में स्टॉक रजिस्टर संधारण, रेट लिस्ट प्रदर्शन और बिलिंग प्रक्रिया में गड़बड़ियां पाई गईं, जिसके चलते उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

सिरली की दुकान से 56 बोरी यूरिया जब्त

निरीक्षण के दौरान पाली ब्लॉक के सिरली स्थित सिद्धी विनायक ट्रेड्स में अवैध रूप से भंडारित 56 बोरी यूरिया बरामद हुई। कृषि विभाग की टीम ने यूरिया जब्त कर दुकान पर खाद-बीज की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

दो माह में 115 दुकानों की जांच

कृषि विभाग के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 से अब तक जिले की 115 सहकारी और निजी उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इस दौरान 28 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि 5 निजी दुकानों पर 21 दिनों के लिए खाद-बीज विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।

किसानों से पक्का बिल लेने की अपील

जिला प्रशासन ने किसानों से खाद और बीज खरीदते समय अनिवार्य रूप से पक्का बिल लेने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई दुकानदार निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलता है या बिल देने से मना करता है, तो इसकी शिकायत संबंधित विकासखंड कृषि अधिकारी या जिला कंट्रोल रूम में की जा सकती है। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण अभियान रहेगा जारी

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए आकस्मिक निरीक्षण और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को कालाबाजारी और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version