गरियाबंद में दर्दनाक हादसा: बरगद के विशाल डंगाल की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत, साथी की बाल-बाल बची जान

गरियाबंद लोकेश्वर सिन्हा…. गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतोरी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में स्थित एक विशालकाय बरगद के पेड़ की डंगाल (बड़ी शाखा) काटने के दौरान हुए हादसे में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम परसट्टी निवासी संतोष साहू अपने साथी तिजु सेन के साथ खेत मालिक के कहने पर खेत में मौजूद बरगद के पेड़ की बड़ी डंगाल काटने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान डंगाल का निचला हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। भारी-भरकम डंगाल सीधे संतोष साहू के ऊपर आ गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि संतोष को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं उसके साथ काम कर रहे तिजु सेन ने किसी तरह खुद को बचा लिया और उसकी जान बाल-बाल बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है
फिलहाल फिंगेश्वर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version