
यह मामला 23 अक्टूबर 2021 का है। तत्कालीन सरकंडा थाना प्रभारी निरीक्षक परिवेश तिवारी को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि बंगाली पारा गली नंबर 3 के पास कुछ लड़के किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
आरोपी को गिरफ्तार कर साजिश का खुलासा
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से नेवसा निवासी सुमेश कश्यप को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सुमेश ने बताया कि वह अपने साथी रॉकी उर्फ करण कश्यप और किशन कश्यप (दोनों गिधौरी निवासी) के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते नेवसा निवासी मोंटी कश्यप की हत्या की योजना बना रहा था।
कट्टा और कारतूस मंगवाकर बनाई गई हत्या की योजना
इस योजना के तहत उन्होंने राजगांगपुर, ओडिशा निवासी कुंदन सागर से देसी कट्टा और कारतूस मंगवाए थे। चारों आरोपी मोंटी कश्यप की हत्या के लिए सही समय की तलाश में थे, लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। सुमेश के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया था।
फरार आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार
जबकि रॉकी उर्फ करण कश्यप के पास से एक कारतूस जब्त किया गया। इस मामले में हत्या की साजिश रचने और हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी राजगांगपुर, ओडिशा निवासी कुंदन सागर पिछले पांच साल से फरार चल रहा था। आखिरकार, मोपका चौकी की टीम ने उसे ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।