छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में खेत से बंद बोरी में मिली युवक के लाश मामले में पुलिस ने महिला, उसके पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में खेत से बंद बोरी में मिली युवक के लाश मामले में पुलिस ने महिला, उसके पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। युवक का महिला के सा​थ अवैध संबंध था। युवक महिला को उसके आपत्तिजनक वीडियो को लेकर ब्लैकमेल करता था। आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके सा​थ कई बार जबरन संबंध बनाए।

घटना वाली रात भी उसने महिला पर संबंध बनाने का दबाव बनाया। इससे परेशान होकर महिला ने उसे अपने घर बुलाया, जहां सरिया मोड़ने वाले भारी पाना से उसके सिर पर हमला किया। इसके बाद महिला, उसके पति और देवर ने मिलकर हत्या के सबूत मिटाने की कोशिश की।

इसके बाद तीनों शव को बोरी में भरकर ट्रैक्टर से सोंढा गांव के पास फेंक दिया। इस हत्याकांड में पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला पांडातराई थाना क्षेत्र के सोंढा गांव का है।

अब जानिए पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, कवर्धा जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र के सोंढा गांव के खेत से तेज बदबू आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना बोडला थाना अंतर्गत पौड़ी चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोरी खोलने पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिला।

शव पर गंभीर चोटों के निशान थे और दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने जांच शुरू की तो मृतक की पहचान बैहरसरी निवासी 25 वर्षीय कोमल वर्मा के रूप में हुई है।

जांच में पता चला कि कोमल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। कोमल 28 मई 2026 को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसके घरवालों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

कॉल डिटेल और आखिरी लोकेशन से मिला सुराग

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कबीरधाम पुलिस ने तुरंत उसकी तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने कोमल की आखिरी लोकेशन और कॉल डिटेल की जांच की। इसमें पता चला कि उसकी लगातार बातचीत मंदाकिनी वर्मा से हो रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और मामले के अहम सुराग जुटाए।

पुलिस ने संदेह के आधार पर मंदाकिनी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में आरोपी महिला मंदाकिनी वर्मा ने बताया कि कोमल वर्मा उसके कुछ आपत्तिजनक वीडियो के जरिए उसे लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था। वह वीडियो वायरल करने की धमकी देता था और दबाव बनाकर कई बार उसके साथ जबरन संबंध भी बनाता था।

महिला के मुताबिक, 28 मई की रात भी कोमल ने उससे संपर्क किया और फिर से संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। इससे परेशान होकर उसने कोमल को जान से मारने का मन बनाया और उसे अपने घर बुला लिया। घर पहुंचने के बाद उस पर घर निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सरिया मोड़ने के बड़े पाना से हमला कर दिया।

इसी दौरान महिला का पति रामस्नेही वर्मा भी जाग गया। उसे पूरी घटना की जानकारी हो गई। इसके बाद रामस्नेही और उसकी पत्नी मंदाकिनी ने मिलकर कोमल वर्मा की हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपियों ने शव को कुछ समय तक घर में ही छिपाकर रखा। अगले दिन यानि 29 मई को रामस्नेही ने अपने भाई रूपेश वर्मा की मदद ली और दोनों ने शव को एक बोरी में भर दिया। इसके बाद ट्रैक्टर में शव लेकर पांडातराई थाना क्षेत्र के सोंढा गांव पहुंचे और वहां उसे फेंककर ठिकाने लगाने की कोशिश की।

पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें बैहरसरी गांव के रहने वाले रामस्नेही वर्मा, उसकी पत्नी मंदाकिनी वर्मा और रामस्नेही का भाई रूपेश वर्मा शामिल हैं।

Exit mobile version