छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार को पीटने का आरोप है। इसके विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने 1 जून से हड़ताल बुलाई है। भाजपा विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तहसीलदार और नायब तहसीलदार हड़ताल पर चले गए हैं।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा था कि वे खुद गिरफ्तारी देंगे। हालांकि, सोमवार को भी गिरफ्तारी देंगे या नहीं, इस पर उन्होंने स्पष्ट नहीं किया है। मामले में पीड़ित राजापुर के नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने मांग की है कि उनका और विधायक का नार्को टेस्ट कराया जाए। वहीं, विधायक ने भी जांच में सहयोग की बात कही है।
सोमवार को तहसीलदारों ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात की। इसके बाद सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार कलाकेंद्र मैदान में धरने पर बैठे रहे। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि सीएम मूकदर्शक बने हुए हैं।
एक तरफ पूरे प्रसाशनिक अधिकारी धरने पर बैठे गए हैं। आम जनता के काम रुक गए। प्रदेश में 2 तरह का कानून चल रहा है। भाजपा के नेताओं को बचाने के लिए अलग कानून। जनता और विपक्ष के लिए अलग कानून। सीएम ये बताए कि रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी होगी या नहीं।
नायब तहसीलदार बोले- नार्को टेस्ट कराया जाए
पीड़ित नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने कहा कि उनका और विधायक रामकुमार टोप्पो का नार्को टेस्ट कराया जाए। नार्को टेस्ट से आरोपों की सच्चाई सबके सामने आ सकेगी, जब तक उचित कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि वे सभी टेस्ट के लिए तैयार हैं और सभी जांच में सहयोग करेंगे।
विवाद बढ़ने के बाद विधायक बैकफुट पर
राजापुर के नायब तहसीलदार तुषार मानिक से 27 मई की शाम राजापुर में हुई मारपीट के मामले में बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो सहित 10 समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
शुक्रवार को विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा था कि वे सरगुजा आईजी के सामने गिरफ्तारी देंगे। विधायक अपने काफिले के साथ अंबिकापुर के लिए रवाना हुए, जहां मंगारी में उन्हें समर्थकों ने रोक लिया तो वे वापस सीतापुर लौट गए। विधायक देर रात तक रेस्ट हाउस में समर्थकों के साथ बैठे रहे।
शुक्रवार देर शाम बीजेपी जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सीतापुर पहुंचे और बीजेपी कार्यकर्ताओं से कहा कि मामला सीएम, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष तक पहुंच चुका है। अब मामला ऊपर से तय होगा। इसके बाद विधायक और समर्थक बैकफुट पर हैं। उन्होंने सोमवार को कोई शक्ति प्रदर्शन जैसा कार्यक्रम नहीं रखा है।