
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने उनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और लूटी गई रकम में से 11,370 रुपए बरामद किए हैं।
एसडीओपी बोनिफास एक्का ने बताया कि ग्राम रेंघनी निवासी सब्जी व्यापारी डोमेश्वर पटेल 30 मई की सुबह करीब साढ़े 9 बजे सब्जी खरीदने के लिए 25 हजार रुपए लेकर बुधवारी स्थित सब्जी मंडी पहुंचे थे। खरीदारी के दौरान आरोपियों की नजर उनके पास मौजूद नकदी पर पड़ गई।
इसके बाद उन्होंने व्यापारी का पीछा किया। जब डोमेश्वर पटेल मंडी के पीछे स्थित सुलभ शौचालय के बाथरूम में गए, तब दो आरोपी उनके पीछे अंदर घुस गए और दरवाजा बंद कर दिया।
आरोपियों ने चाकू पेट पर अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी, गाली-गलौज की और थप्पड़ मारकर उनकी जेब से 25 हजार रुपए निकाल लिए। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर बालोद थाना में लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मोबाइल का उधारी चुकाना था, नशे के लिए चाहिए थे पैसे
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी सोमेश ध्रुवे उर्फ दाउ ने बताया कि उसने उधारी में सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदा था, जिसकी रकम चुकानी थी। इसके अलावा शराब, गांजा और नशीली गोलियां खरीदने के लिए भी पैसों की जरूरत थी। इसी वजह से उसने अपने साथियों के साथ लूट की योजना बनाई।
जांच में सामने आया कि सोमेश ने मंडी में आम खरीदते समय डोमेश्वर पटेल को बड़ी रकम के साथ देखा था। इसके बाद उसने साथी कमल ठाकुर और एक नाबालिग के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई। योजना के तहत कमल ठाकुर को बाहर निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई, जबकि सोमेश और नाबालिग ने शौचालय के अंदर जाकर लूट की घटना को अंजाम दिया।
CCTV और पुलिस टीम की सक्रियता से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी योगेश पटेल के निर्देशन में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।