कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र स्थित पकरिया गांव में गुरुवार को एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

Chhattisgarh Crimesकोरबा के उरगा थाना क्षेत्र स्थित पकरिया गांव में गुरुवार को एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 33 वर्षीय राम प्रसाद पटेल ने अपने घर के आंगन में पेड़ से लटककर जान दे दी। घटना के समय उन्होंने अपनी पत्नी को तालाब में नहाने के लिए भेजा था।

जानकारी के अनुसार, राम प्रसाद पटेल और उनकी पत्नी दोनों गांव के पास स्थित फ्लाई ऐश फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। गुरुवार दोपहर काम खत्म करने के बाद वे घर लौटे। घर पहुंचने पर राम प्रसाद ने अपनी पत्नी को तालाब में स्नान के लिए भेज दिया। पत्नी के जाते ही उन्होंने आंगन में लगे पेड़ पर फांसी लगा ली।

नहाने के बाद पत्नी जब घर लौटी तो पति को फंदे पर लटका देखा तो वह चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों ने तुरंत राम प्रसाद को फंदे से उतारा और जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक राम प्रसाद पटेल के पिता का नाम रूप सिंह पटेल है, जो खेती-किसानी करते हैं। राम प्रसाद के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें 8 साल की बेटी और 3 साल का बेटा शामिल है। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है।

घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मृतक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि परिजनों ने कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में मर्ग कायम कर आगे की जांच जारी है

Exit mobile version