कोरबा जिले में दो दिन से लापता डीजे संचालक के बेटे का शव गुरुवार सुबह टाइगर प्वाइंट के पास करीब 200 फीट गहरी खाई से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नवनीत सिंह के रूप में हुई है। वह डीजे संचालक कर्मेंद सिंह के पुत्र और जिला अधिवक्ता संघ कोरबा के सदस्य रोमेश सिंह के भांजे थे। नवनीत 2 जून की रात से लापता थे, जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की थी।
3 जून की शाम सोशल मीडिया के जरिए सूचना मिली कि बालको-लेमरू मुख्य मार्ग स्थित टाइगर प्वाइंट क्षेत्र की गहरी खाई में एक बाइक दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने पर बालको पुलिस को अवगत कराया गया।
रात में परिजन और अधिवक्ता साथी भी मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश की, लेकिन अंधेरा और दुर्गम इलाके के कारण खोजबीन में सफलता नहीं मिल सकी।
सुबह चलाया गया सर्च ऑपरेशन
गुरुवार सुबह दोबारा तलाश अभियान शुरू किया गया। इस दौरान करीब 200 फीट गहरी खाई में एक शव दिखाई दिया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान नवनीत सिंह के रूप में हुई।
वाहन दुर्घटना की आशंका, जांच जारी
शुरूआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी वाहन दुर्घटना का शिकार होकर खाई में गिर गया होगा। हालांकि, मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना का वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि युवक के लापता होने की सूचना मिलने के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शव मिलने के बाद मौके पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।