बिलासपुर में बिजली कटौती, फॉल्ट सुधार में देरी और पानी सप्लाई की समस्याओं के बीच सीएसईबी अधिकारियों पर एक ही कंपनी अभिनव इन्फ्रा को लगातार ठेके देने के आरोप लग रहे

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में बिजली कटौती, फॉल्ट सुधार में देरी और पानी सप्लाई की समस्याओं के बीच सीएसईबी अधिकारियों पर एक ही कंपनी अभिनव इन्फ्रा को लगातार ठेके देने के आरोप लग रहे हैं। ठेका अवधि समाप्त होने के बाद भी कंपनी को तीन महीने का एक्सटेंशन दिया गया है।

सीएसपीडीसीएल सिटी डिविजन के अधीक्षण अभियंता पी. श्रीनिवास राजू ने कहा कि ठेका कंपनी के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच कराई जाएगी। कंपनी के खिलाफ कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन यदि लोगों को राहत नहीं मिल रही है तो मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने दैनिक भास्कर में प्रकाशित समाचार के आधार पर जांच कराने की बात कही है।

एसई राजू ठेकेदार को जारी नोटिसों की संख्या के बारे में जानकारी नहीं दे सके। एक्सटेंशन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह ओपन टेंडर प्रक्रिया का हिस्सा है। भुगतान को लेकर उनका कहना था कि राशि कलेक्टर दर के अनुसार दी जाती है और इसके लिए अलग से कोई दर निर्धारित नहीं है।

अभिनव इन्फ्रा को फॉल्ट ओरिएंटेड कंप्लेंट (एफओसी) और फॉल्ट शिकायत दर्ज करने का ठेका मिला हुआ है। हाल ही में कंपनी को केवल एफओसी कार्य के लिए 92 लाख रुपए का भुगतान किया गया है।

आरोप है कि सीएसईबी अधिकारियों से सांठगांठ के चलते कंपनी ने मार्च में ठेका समाप्त होने के बाद जून तक एक्सटेंशन हासिल कर लिया। वहीं एफओसी वाहनों में निर्धारित संख्या से कम कर्मचारी रखने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

17 घंटे बिजली बंद रहने पर हुआ था प्रदर्शन

कुछ दिन पहले खपरगंज क्षेत्र में 17 घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही थी। इससे नाराज नागरिकों ने फ्यूज कॉल सेंटर का घेराव किया था। विरोध प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी थी।

चार की जगह दो कर्मचारियों से लिया जा रहा काम

बिजली बंद होने या फॉल्ट आने की स्थिति में सुधार कार्य के लिए अकेले नेहरू नगर सिटी डिविजन में पांच एफओसी वाहन संचालित किए जा रहे हैं। हर वाहन में ड्राइवर समेत चार लोगों की तैनाती होनी चाहिए, लेकिन आरोप है कि केवल दो कर्मचारियों से काम कराया जा रहा है।

तोरवा डिविजन में भी एक्सटेंशन की तैयारी

बताया जा रहा है कि नेहरू नगर की तर्ज पर तोरवा डिविजन में भी एफओसी ठेके को एक्सटेंशन पर देने की तैयारी चल रही है। तोरवा में मौजूदा ठेके की अवधि जुलाई में समाप्त हो रही है, लेकिन अब तक नई निविदा प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।

Exit mobile version